
चम्बा की धरती हिली लोग निकले घर से बाहर
हिमाचल प्रदेश, चम्बा (पी सी शर्मा)-:हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में शुक्रवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब लोगों ने धरती को कांपते हुए महसूस किया। नैशनल सैंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक सुबह 6 बजकर 23 मिनट पर चम्बा में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.5 दर्ज की गई। धरती के भीतर इसकी गहराई करीब 5 किलोमीटर मापी गई।
जानकारी के अनुसार कुछ सैकेंड तक धरती में कंपन महसूस किया गया, जिससे घबराए लोग घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि भूकंप की तीव्रता कम थी, इसलिए किसी तरह के जान-माल के नुक्सान की सूचना नहीं है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि चम्बा में आज तीन बार झटके महसूस किए गए। इन झटकों की वजह से सुबह का माहौल दहशत में बदल गया, लेकिन जल्द ही स्थिति सामान्य हो गई।
चम्बा क्यों है भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील?
हिमाचल प्रदेश का चम्बा जिला भूकंपीय दृष्टि से सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है। यह क्षेत्र भूकंप के ‘सिस्मिक ज़ोन-5’ में आता है, जोकि भारत का सबसे अधिक संवेदनशील जोन माना जाता है। यही वजह है कि यहां बार-बार छोटे और मध्यम दर्जे के भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।
क्यों आता है भूकंप? जानिए विज्ञान की जुबानी
धरती की बाहरी सतह दरअसल 7 बड़ी और कई छोटी-छोटी टैक्टोनिक प्लेट्स से बनी होती है। ये प्लेट्स निरंतर गति में रहती हैं और कभी-कभी एक-दूसरे से टकरा जाती हैं। जब दो प्लेट्स आपस में भिड़ती हैं या खिसकती हैं, तो उनके बीच जमा तनाव एक सीमा के बाद टूटकर ऊर्जा के रूप में बाहर निकलता है। यही ऊर्जा कंपन के रूप में धरती की सतह तक पहुंचती है, जिसे हम भूकंप के रूप में महसूस करते हैं। कई बार यह कंपन हल्का होता है, तो कई बार इसकी तीव्रता बेहद ज्यादा होती है, जिससे भारी तबाही मचती है। चंबा जैसे क्षेत्रों में, जो टेक्टोनिक प्लेटों की सीमाओं के नजदीक हैं, ऐसे झटके सामान्य बात माने जाते हैं, लेकिन इससे लोगों में हमेशा एक अनदेखे खतरे की आशंका बनी रहती है।
प्रशासन की अपील– सतर्क रहें, घबराएं नहीं
भूकंप के झटकों के बाद स्थानीय प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अभी तक किसी भी तरह के नुक्सान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें। साथ ही, भूकंप के समय अपनाई जाने वाली जरूरी सावधानियों की जानकारी सभी को होनी चाहिए ताकि आपात स्थिति में खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रखा जा सके।